जैसे शारीरिक स्वास्थ्य के लिए व्यायाम और संतुलित सात्विक एवं शाकाहारी भोजन आवश्यक है, ऐसे ही मानसिक स्वास्थ्य के लिए प्रसन्नता और सम्मान भी बहुत आवश्यक है - ज्योतिष

 26.2.2024

        *"जैसे शारीरिक स्वास्थ्य के लिए व्यायाम और संतुलित सात्विक एवं शाकाहारी भोजन आवश्यक है, ऐसे ही मानसिक स्वास्थ्य के लिए प्रसन्नता और सम्मान भी बहुत आवश्यक है


।"*

          यदि कोई व्यक्ति प्रतिदिन व्यायाम और संतुलित शाकाहारी सात्विक भोजन करे, तो उसका शरीर स्वस्थ रहता है। *"इसी प्रकार से जीवन को सुखमय ढंग से चलाने के लिए केवल भोजन ही पर्याप्त नहीं होता, उसके अतिरिक्त कुछ सम्मान और मानसिक प्रसन्नता की भी आवश्यकता होती है।"*

        तो आप जहां रहते हैं, जिन लोगों के साथ रहते हैं, जिनके साथ दिन भर व्यवहार करते हैं, लेन-देन आदि करते हैं, *"यदि वे लोग आपके साथ ठीक व्यवहार नहीं करते, आपको यथा योग्य सम्मान नहीं देते, तो आपकी मानसिक प्रसन्नता नहीं रहेगी।"*

         *"इससे कभी-कभी ऐसा भी होता है, कि कुछ लोग डिप्रेशन अर्थात अवसाद की स्थिति में चले जाते हैं। वे इस प्रकार के मानसिक रोगी तक हो जाते हैं।"*

            *"ऐसे मानसिक रोगों से बचने के लिए यह आवश्यक है, कि व्यक्ति को भौतिक भोजन के अतिरिक्त उसकी योग्यता के अनुसार कुछ सम्मान भी मिलना चाहिए। तभी वह प्रसन्नता से जी सकता है। ऐसा जीवन संतुलित एवं सुखी जीवन कहलाता है।"*

          *"अतः जहां आपको भोजन धन आदि के साथ साथ सम्मान भी मिले, वहां रहना चाहिए।" "और जहां लोग आपका अपमान करते हों, ठीक ढंग से व्यवहार न करते हों, यथायोग्य सम्मान न देते हों, उस स्थान से अथवा उन लोगों से दूर रहना ही उचित है।" "अथवा यदि उनके साथ रहना अनिवार्य ही हो, तो उनसे कुछ मानसिक दूरी बना लेनी चाहिए। अर्थात अपनी सहनशीलता बढ़ा कर उनके दुर्व्यवहारों की उपेक्षा करनी चाहिए। तभी आप स्वस्थ रह सकते हैं और सुखी जीवन जी सकते हैं।" "और यदि उनके अत्याचार इतने अधिक बढ़ जाएं, कि आप से सहन न हो सकते हों, तो अपने भविष्य की सुरक्षा का प्रबंध करके ऐसे लोगों से संबंध तोड़ भी सकते हैं।"*

----- * ज्योतिष कुमार रायपुर छत्तीसगढ़ ।"*